Saturday , July 27 2024

फरार चल रहे बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने दिल्ली के साकेत कोर्ट में किया सरेंडर

बिहार पुलिस मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को गिरफ्तार करने के लिए सरगर्मी से तलाशती रह गई और उधर वे दिल्ली के साकेत कोर्ट पहुंचे और वहीं आत्मसमर्पण कर दिया। बिहार के कोर्ट में अनंत सिंह के सरेंडर की अफवाह गुरुवार को ही सामने आयी थी, जिसके बाद अनंत सिंह ने बिहार के किसी कोर्ट को छोड़कर दिल्ली के साकेत कोर्ट को चुना और शुक्रवार की दोपहर बाद अचानक कोर्ट पहुंचे और सरेंडर कर दिया। अब उसके बाद प्रक्रिया के तहत उन्हें न्यायिक हिरासत में लिया जाएगा।

हवाई जहाज से पटना लाए जाएंगे अनंत सिंह

अनंत सिंह को न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिल्ली से हवाई जहाज से पटना लाया जाएगा। विधायक को लाने के लिए बिहार से पुलिस की टीम भेजी जा रही है, जिसमें डिप्टी एसपी, इन्स्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, ए एस आई सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल  रहेंगे।

विधायक अनंत सिंह के कानूनी सलाहकारों ने भी उन्हें जल्द सरेंडर करने की सलाह दी थी, जिसके बाद उन्होंने सरेंडर किया है। विधायक के सरेंडर करने को लेकर यहां बिहार पुलिस अलर्ट रही, गिरफ्तारी के लिए बाढ़ से लेकर पटना कोर्ट के बाहर तक पुलिस नजर रख रही थी लेकिन वे दिल्ली के साकेत कोर्ट सरेंडर करने पहुंच गए।

तीन वीडियो किया था जारी, न्यायालय पर जताया था भरोसा

अनंत सिंह 17 अगस्त से ही फरार चल रहे थे। विधायक के पैतृक गांव नदवां में AK-47 और 2 हैंड ग्रेनेड मिलने के बाद UAPA एक्ट के तहत बाढ़ थाने में FIR दर्ज की गई थी। इस मामले में पुलिस लगातार उन्हें तलाश रही थी। लेकिन उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। अनंत सिंह ने फरारी के दौरान ही तीन वीडियो जारी किया था, जिसमें उन्होंने न्यायालय पर भरोसा जताते हुए कहा था कि वो सरेंडर करेंगे। कहा था कि उन्हें पुलिस पर भरोसा नहीं है।

अनंत सिंह ने पुलिस पर आरोप लगाया था कि उन्हें साजिश के तहत फंसाने का काम कर रही है। उन्होंने पुलिस के अलावे कुछ राजनेताओं पर भी साजिश कर फंसाने का आरोप लगाया था।

क्या है पूरा मामला 

बाहुबली विधायक अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां स्थित घर से छापेमारी में एके-47 के साथ 2 हैंड ग्रेनेड की बरामदगी की गई थी। अवैध हथियार की बरामदगी के बाद विधायक और केयर टेकर के खिलाफ यूएपीए के तहत मामला दर्ज किया गया था। केस दर्ज होने के बाद पुलिस देर रात विधायक अनंत सिंह को गिरफ्तार करने बड़ी संख्या में उनके पटना स्थित सरकारी आवास पहुंची थी। हालांकि तब तक विधायकर 1 माल रोड स्थित सरकारी आवास छोड़ फरार हो चुके थे।

पुलिस की कई टीम विधायक को खोजने के लिए खाक छान रही थी और अनंत सिंह ने अब तक पुलिस को चुनौती देते हुए एक-एक कर तीन वीडियों जारी किया था जिसमें  मोकामा विधायक ने पुलिस के सामने सरेंडर करने से साफ इनकार कर दिया था। अंतिम वीडियो में बाहुबली विधायक ने स्पष्ट किया कि पुलिस के बजाए कोर्ट में सरेंडर करेंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com